उत्तर प्रदेश

सहारनपुर में हाई-सिक्योरिटी डायमंड शोरूम में करोड़ों की चोरी, DIG अभिषेक सिंह ने दिए जांच के निर्देश

सहारनपुर।

जनपद के अति संवेदनशील क्षेत्र दिल्ली रोड पर स्थित टाटा समूह के कैरटलेन (CaratLane) डायमंड शोरूम में देर रात शातिर चोरों ने करोड़ों रुपये की ज्वेलरी चोरी कर ली। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत स्वाति होंडा के पास, डीआईजी कार्यालय के पीछे स्थित इस शोरूम को चोरों ने पूरी योजना के साथ निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, चोर शोरूम के बराबर बने जीने के रास्ते छत पर पहुंचे और दीवार में सुराख कर अंदर दाखिल हुए। भीतर घुसते ही उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर बंद कर दिया, जिससे चोरी की घटना कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हो सकी।

बताया जा रहा है कि शोरूम में लगभग 20 सीसीटीवी कैमरे लगे थे। डीवीआर बंद करने के बाद चोरों ने डिस्प्ले में रखी महंगी डायमंड ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डिस्प्ले में रखे 6 से 7 डायमंड नेकलेस चोरी हुए हैं। चोरी गए कुल सामान और नुकसान का आकलन फिलहाल किया जा रहा है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

सुबह जब शोरूम का स्टाफ मौके पर पहुंचा तो अंदर का नजारा देख सभी सन्न रह गए। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने तत्काल पुलिस और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए।

इस संबंध में DIG सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चोर छत के रास्ते शोरूम में दाखिल हुए। मामले की जांच के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं और शोरूम तथा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की जा रही है। शोरूम बीमाकृत है, इसलिए इंश्योरेंस कंपनी को भी सूचना दे दी गई है और नुकसान का असेसमेंट किया जा रहा है।

DIG अभिषेक सिंह ने यह भी बताया कि शोरूम के नजदीक पुलिस चौकी और रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश एसपी को दिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और जल्द ही चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button