प्रदेश के सरकारी स्कूलों का समय बदला, अब पूरे वर्ष 08:50 से 03:15 तक चलेंगे विद्यालय

देहरादून | 7 जनवरी 2026
उत्तराखंड में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में एकरूपता लाने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया गया है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने नई राज्य पाठ्यचर्या रूपरेखा (SCF) के अंतर्गत प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों की समय-सारिणी एक समान करने का फैसला किया है।
नई व्यवस्था के तहत अब ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश के बावजूद स्कूल पूरे वर्ष सुबह 08:50 बजे खुलेंगे और दोपहर 03:15 बजे बंद होंगे। प्रतिदिन 25 मिनट की प्रार्थना सभा तथा 40 मिनट का इंटरनल अवकाश निर्धारित किया गया है। इस बदलाव के साथ न्यूनतम 220 शिक्षण दिवस सुनिश्चित किए जाएंगे, जिससे लंबी छुट्टियों में कटौती की जाएगी।
SCERT के अनुसार यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP-2020) के अनुरूप है, जिसमें न्यूनतम 220 कार्यदिवस अनिवार्य किए गए हैं। वर्तमान में अधिकांश सरकारी स्कूल औसतन 200 दिन ही संचालित हो पाते हैं।
नई समय-सारिणी को 16 जनवरी से मॉडल के रूप में कुछ चयनित विद्यालयों में लागू किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से इसे प्रदेशभर में प्रभावी किया जाएगा।
SCERT की निदेशक डॉ. बंदना गर्ब्याल ने बताया कि प्रतिदिन न्यूनतम 6 घंटे 25 मिनट का कार्यदिवस तय किया गया है, जिससे विद्यालयों की कार्यसंस्कृति, अनुशासन और शैक्षणिक गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव आएगा।
बैठक में अपर निदेशक पदमेंद्र सकलानी, सीमेट विशेषज्ञ डॉ. मोहन बिष्ट, डॉ. अंकित जोशी, डॉ. रमेश बड़ोनी सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह निर्णय शिक्षा व्यवस्था को अधिक संगठित, प्रभावी और छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



