अन्य

सहारनपुर के हैप्पी सिंह का डंका: फिजिक्स वाला के विजयी महोत्सव में नीट टॉपर को मिला सम्मान

सहारनपुर के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब शैक्षिक क्षेत्र में देशभर में चर्चित फिजिक्स वाला के विजयी महोत्सव में जिले के होनहार छात्र हैप्पी सिंह को सम्मानित किया गया। ग्रेटर नोएडा में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में नीट परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले मेधावी छात्रों को मंच पर बुलाकर सम्मान दिया गया, जिसमें सहारनपुर के हैप्पी सिंह भी शामिल रहे।

महानगर की विष्णुपुरी कॉलोनी, गलीरा रोड निवासी फोटो जर्नलिस्ट मदन सिंह और नीलम सिंह के पुत्र हैप्पी सिंह ने फिजिक्स वाला से ऑनलाइन कोचिंग लेकर नीट परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त की। नीट के माध्यम से उनका चयन लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के लिए हुआ है, जहां वे वर्तमान में अध्ययनरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे शहर में खुशी का माहौल है।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट सर्किल में आयोजित समारोह के दौरान फिजिक्स वाला के सीईओ अलख पांडेय ने हैप्पी सिंह को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अलख पांडेय ने हैप्पी सिंह के माता-पिता की सराहना करते हुए कहा कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से ही छात्र पहले प्रयास में इतनी बड़ी सफलता हासिल कर पाते हैं।

गौरतलब है कि हैप्पी सिंह ने अपनी प्राथमिक शिक्षा बजाज इंटरनेशनल स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय से प्राप्त की। उन्होंने 10वीं में 93 प्रतिशत और 12वीं खालसा पब्लिक स्कूल से 86 प्रतिशत अंक हासिल किए। उनके बड़े भाई ध्रुव सिंह राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान, अमेठी से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक कर रहे हैं। हैप्पी सिंह की इस सफलता पर शिक्षाविद रवि सिंघल, महाराज सिंह डिग्री कॉलेज के सचिव, बजाज ग्रुप ऑफ स्कूल्स की डायरेक्टर सुषमा बजाज और खालसा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य सरदार गुरविंदर सिंह सहित कई शिक्षाविदों ने शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button